प्यार के लिए खतरनाक जंगल से निकली, नदी पारकर भारत पहुंची, लेकिन
22 वर्षीय कृष्ण मंडल ने सुंदरबन के बाघों से भरे जंगल को बहादुरी से पार किया और भारत-बांग्लादेश सीमा पार करने के लिए एक घंटे से अधिक समय तक नदी में तैरती रही। भारत में उसका प्रेमी अभिक मंडल उसका इंतजार कर रहा था। दोनों के बीच प्यार ऑनलाइन परवान चढ़ा था।

सीमा-पार का प्यार इतना परवान चढ़ा कि उसने तो सारी हदें 'पार करवा' दीं। बांग्लादेश की रहने वाली 22 वर्षीय युवती अपने प्रेमी से शादी करने के लिए तैरते हुए भारत में अवैध रूप से घुस आई। हालांकि उसे अवैध रूप से भारत में प्रवेश करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया।
22 वर्षीय कृष्ण मंडल ने सुंदरबन के जंगल को बहादुरी से पार किया और भारत-बांग्लादेश सीमा पार करने के लिए एक घंटे से अधिक समय तक नदी में तैरती रही। भारत में उसका प्रेमी अभिक मंडल उसका इंतजार कर रहा था। दोनों के बीच प्यार ऑनलाइन परवान चढ़ा था। दोनों की मुलाकात फेसबुक पर हुई थी और दोनों ने जल्द ही शादी करने का फैसला किया था।
दरअसल अभिक मंडल के पास पासपोर्ट नहीं था। ऐसे में वह कानूनी रूप से बांग्लादेश में प्रवेश नहीं कर सकता था। लेकिन युवक की मजबूरी को देखते हुए युवती नहीं रुकी और उसने अपने प्रेमी से शादी करने के लिए सुंदरबन के जरिए भारत में प्रवेश करने का फैसला किया। सुंदरबन को बाघों की एक बड़ी आबादी का घर माना जाता है। युवती सुंदरबन की माल्टा नदी में तैरकर भारत पहुंची।
पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के कैखली गांव में कृष्ण मंडल आखिरकार अपने प्रेमी से मिली, जो कार लेकर उसका इंतजार कर रहा था। इसके बाद दोनों कोलकाता चले गए जहां, उन्होंने एक मंदिर में शादी कर ली। लेकिन उसकी बहादुरी के किस्से इलाके में घूमने लगे। जैसे जैसे अधिक से अधिक लोगों को कृष्ण मंडल के बारे में पता चला वैसे वैसे यह खबर पुलिस तक पहुंच गई।
कृष्ण मंडल के अवैघ रूप से सीमा पार करने के जुर्म में पुलिस गिरफ्तार करने के लिए हरकत में आ गई। नरेंद्रपुर पुलिस ने आखिर में सोमवार को कृष्ण मंडल को गिरफ्तार कर लिया। मिली जानकारी के मुताबिक कृष्ण मंडल को अब पुलिस बांग्लादेश उच्चायोग को सौंपने की तैयारी कर रही है।