अब रक्षा विभाग में सेवाएं देंगी कमला हैरिस की उप प्रेस सचिव सबरीना सिंह
33 वर्षीय सबरीना सिंह इंडिया लीग ऑफ अमेरिका के सरदार जेजे सिंह की पोती हैं। जेजे सिंह ने आव्रजन के अधिकार के समर्थन में आवाज उठाई थी।

अमेरिका की उप राष्ट्रपति कमला हैरिस की उप प्रेस सचिव के तौर पर काम कर रहीं सबरीना सिंह अब रक्षा विभाग में सेवाएं देने जा रही हैं। उनकी नई नियुक्ति का एलान हैरिस के नए संचार निदेशक जमाल साइमंस की ओर से भेजे गए एक अंतरिम ईमेल में की गई है। इस ईमेल में लिखा गया है कि हमें सिंह के संस्थागत ज्ञान और कूटनीतिक सलाह की कमी खलेगी।

सबरीना सिंह लंबे समय तक कमला हैरिस के साथ काम करने वाले लोगों में से एक हैं। हैरिस के उप राष्ट्रपति बनने के बाद से ही वह उनके उप प्रेस सचिव की जिम्मेदारी संभाल रही थीं। सबरीना सिंह ने हैरिस के साथ काम की शुरुआत मार्च 2020 में की थी। वह एक नामित उप राष्ट्रपति की प्रेस सचिव की भूमिका संभालने वाली पहली भारतीय अमेरिकी हैं।