हैकर्स के निशाने पर भारत, इस साल जून तक हुए 6.7 लाख से ज्यादा साइबर अटैक
लोकसभा में लिखित जवाब देते हुए केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय कुमार मिश्रा ने बताया कि 2019 से लेकर जून 2022 तक भारत में साइबर सुरक्षा संबंधी 36.29 लाख घटनाएं दर्ज की गईं। इस साल जून तक 6,70,000 से अधिक मामले सामने आए हैं।
आजकल के जमाने में बिना इंटरनेट के दुनिया की कल्पना करना भी नामुमकिन है। चाहे बैंक से लेनदेन करना हो या शॉपिंग साइट्स से खरीदारी, सरकारी सेवाओं का लाभ उठाना हो या फिर अपने प्रियजनों से संपर्क करना, हर सुविधा ऑनलाइन उपलब्ध है। लेकिन इसके अपने खतरे हैं।
हैकर्स अहम जानकारियों चुराने के लिए तरह- तरह से कोशिश करते हैं। भारत सरकार ने संसद में बताया है कि भारत की साइबर सिक्योरिटी पर कितने हमले होते हैं। केंद्रीय गृह मंत्रालय के मुताबिक, इस साल जून के महीने तक साइबर सिक्योरिटी में सेंध लगाने के 6,70,000 मामले सामने आ चुके हैं।