भारत वालो! आओ दिखाएं तुम्हें अमेरिका के दिल्ली, बॉम्बे, मद्रास, कलकत्ता...
भारत के इन प्रमुख शहरों के बारे में हर कोई जानता है, लेकिन आपको जानकर हैरानी होगी कि इन नामों के शहर अमेरिका में भी हैं। चलिए आज उनके बारे में जान लेते हैं। पढेंगे तो हैरान होंगे लेकिन आनंद की अनुभूति भी मिलेगी।

दुनिया के तमाम देशों को उनके बड़े शहरों के नाम से जाना जाता है। भारत में दिल्ली, बॉम्बे, मद्रास और कलकत्ता कुछ ऐसे शहर हैं, जो पूरे विश्व में मशहूर हैं। आपको जानकर हैरानी होगी कि अमेरिका में भी इन नामों की जगह हैं, जिनके बारे में बहुत कम लोग जानते हैं। आज आपको अमेरिका के उन शहरों के बारे में बता रहे हैं, जिनके नाम भारतीय शहरों जैसे हैं।

अमेरिका में दिल्ली नाम के दो शहर हैं। सुनकर चौंक गए होंगे, लेकिन यह बात पूरी तरह सच है। अमेरिकी राज्य लूसियाना के रिचलैंड पेरिस में दिल्ली नाम की एक जगह है। पहले इस जगह को डियरफील्ड कहा जाता था, लेकिन बाद में इसका नाम दिल्ली रख दिया गया। इस जगह पर सुपरस्टार टिम मैकग्रा का जन्म हुआ था। इस जगह की आबादी करीब 2846 है। इसके अलावा न्यूयॉर्क राज्य के डेलवेयर काउंटी के एक टाउन का नाम दिल्ली है। इस जगह पर न्यूयॉर्क की स्टेट यूनिवर्सिटी स्थित है।

महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई को पहले बॉम्बे कहा जाता था। तमाम लोग आज भी इस शहर को पुराने नाम से जानते हैं। क्या आप जानते हैं कि अमेरिका में भी बॉम्बे नाम का एक टाउन है? अमेरिकी राज्य न्यूयॉर्क के फ्रैंकलिन काउंटी में बॉम्बे नाम का एक टाउन है, जिसकी जनसंख्या 1295 है। इसका उनका नाम एक भारतीय को सम्मान देने के लिए बॉम्बे रखा गया था।